श्रीगंगानगर , अप्रैल 08 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पदमपुर शहर में पुलिस थाना के नजदीक ही अग्रवाल धर्मशाला में ठहरे दो युवकों को पुलिस ने 303 ग्राम हैरोइन तथा एक लाख 60 हजार की ड्रग मनी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मंगलवार देर रात को एक सूचना के आधार पर अग्रवाल धर्मशाला के एक कमरे में ठहरे हुए दो युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी लेने पर पकड़े गए युवकों विकास बंसल (45) पुत्र राजकुमार बंसल निवासी वार्ड नंबर 20 रायसिंहनगर तथा रणजीत उर्फ सेठी (35) पुत्र धन्नाराम मेघवाल निवासी फौजूवाला तहसील रायसिंहनगर के कब्जे से 303 ग्राम हैरोइन और एक लाख 60 हजार की राशि बरामद हुई।

थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर सुमन जयपाल और उनकी टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई के दौरान पकड़े गए युवकों की एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गयी है। श्रीकरनपुर सर्किल के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पुष्पेंद्रसिंह ने बताया कि विकास बंसल के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह दोनों युवक पंजाब में किसी बड़े सप्लायर से भारी मात्रा में हेरोइन लेकर पदमपुर में नशा करने वालों को बेचने के इरादे से आए थे। पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि इनके पास ज्यादा मात्रा में हेरोइन थी। कुछ मात्रा बेच दी, जिससे एक लाख 60 हजार रुपए हासिल हुए। पकड़े गए युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आगे जांच रामसिंहपुर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अजय कुमार को दी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया तथा रिमांड मिलने पर अब आगे पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित