चंडीगढ़ , अगस्त 24 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के महासचिव एवं राज्य सरकार के सांस्कृतिक मामलों एवं पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने कांग्रेस सांसद डॉ धर्मवीर गांधी द्वारा पंजाब सरकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर की गयी टिप्पणियों की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने कहा कि डॉ गांधी की टिप्पणियों से पंजाबियों और विभिन्न धर्मों के लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।

श्री बाली ने कहा कि पंजाब पांच दरियाओं की धरती है और यहां विभिन्न धर्मों के लोग आपसी भाईचारे के साथ रहते हैं तथा एक-दूसरे के विश्वास और परंपराओं का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की संस्कृति धार्मिक सद्भाव और आपसी सम्मान पर आधारित है, इसलिए करोड़ों लोगों की आस्था और धार्मिक भावनाओं के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करना उचित नहीं है।

पंजाब सरकार द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों को गांधी द्वारा 'धार्मिक आडंबर' बताये जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री बाली ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम राज्य की महान आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान तथा धार्मिक महापुरुषों की शिक्षाओं को नयी पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं।

उन्होंने कहा कि श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी दिवस का आयोजन उनकी महान कुर्बानी और मानवाधिकारों के लिए उनके संघर्ष की प्रेरणा को नयी पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए किया गया। इसी तरह श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर शोभायात्राओं, ड्रोन शो, गांवों में डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन और कीर्तन समागमों का आयोजन किया जा रहा है।

श्री बाली ने कहा कि इन कार्यक्रमों को 'आडंबर' कहना केवल सरकार की आलोचना नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला बयान है। उन्होंने 'एक शाम भगवान शिव के नाम' और 'हमारे राम' सहित सनातन परंपराओं से जुड़े कार्यक्रमों का भी बचाव किया। बाली के अनुसार, हजारों लोग श्रद्धा और विश्वास के साथ इन आयोजनों में हिस्सा लेते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हर समुदाय के धार्मिक विश्वासों का सम्मान करती है और विभिन्न आध्यात्मिक एवं धार्मिक परंपराओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

'हमारे राम' कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए श्री बाली ने कहा कि यह रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुति है, जिसमें माता-पिता का सम्मान और अपने कर्तव्यों का निर्वहन जैसे महत्वपूर्ण जीवन-मूल्यों का संदेश दिया जाता है।

श्री बाली ने धर्मवीर गांधी की टिप्पणियों पर कांग्रेस नेताओं की कथित चुप्पी पर भी सवाल उठाया और आरोप लगाया कि ऐसे बयानों से पंजाब को धार्मिक आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा की उस टिप्पणी की भी आलोचना की, जिसमें कथित तौर पर सज्जन कुमार को रोल मॉडल बताया गया था।

उन्होंने कहा कि पंजाब के लोगों ने भगवंत मान सरकार पर विश्वास जताया है और सरकार राज्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की टिप्पणियां सरकार को ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने से नहीं रोक सकतीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित