जगतियाल , सितंबर 07 -- तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने घोषणा की है कि जगतियाल जिले में ऐतिहासिक धर्मपुरी लक्ष्मी नरसिम्हा स्वामी मंदिर के विकास एवं पुनर्निर्माण पर लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
श्री विक्रमार्क ने रविवार देर रात धर्मपुरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मंदिर के कामों के लिए पहले ही 117 करोड़ रुपये मंज़ूर किए जा चुके हैं और मंत्री अदलुरी लक्ष्मण कुमार के अनुरोध पर अतिरिक्त 80 करोड़ रुपये आवंटित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मंदिर के पुनर्निर्माण एवं विकास की दशकों से चली आ रही मांग अब कांग्रेस सरकार के तहत यथार्थ होने जा रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बीआरएस सरकार से मिली आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सरकार कल्याणकारी एवं विकास योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि धर्मपुरी निर्वाचन क्षेत्र के विकास पर खास ध्यान दिया जा रहा है, जिसमें 200 करोड़ रुपये का 'यंग इंडिया इंटीग्रेटेड रेजिडेंशियल स्कूल', आईटीआई और डिग्री कॉलेज, एडवांस्ड टेक्नोलॉजी सेंटर और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार शामिल हैं।
उन्होंने महिलाओं के लिए मुफ़्त बस यात्रा, इंदिराम्मा आवास योजना के तहत पांच लाख रुपये की मदद, राजीव आरोग्यश्री के तहत 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवरेज और 200 यूनिट तक मुफ़्त बिजली जैसी कल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों के छात्रों को खाना, दूध और रागी माल्ट देने वाली ब्रेकफ़ास्ट योजना जल्द ही धर्मपुरी में शुरू की जाएगी।
श्री विक्रमार्क ने पिछली बीआरएस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि वह गरीबों की ज़रूरतों को ठीक से पूरा करने में नाकाम रही। साथ ही, उन्होंने लोगों से अपील की कि वे उन विपक्षी नेताओं से सवाल करें जो मौजूदा सरकार की कल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की आलोचना करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित