धरमपुरी , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के धरमपुरी नगर में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं फर्नीचर की तीन मंजिला इमारत में रविवार को आग लग गई। घटना के समय भवन की ऊपरी मंजिल पर पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसमें मौजूद 50 से अधिक लोगों को पुलिस, नगर परिषद और स्थानीय नागरिकों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

पुलिस के अनुसार शहर के मध्य स्थित राज इलेक्ट्रॉनिक्स एवं फर्नीचर की इमारत में प्रारंभिक तौर पर विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगना सामने आया है। आग लगते ही भवन में धुआं भर गया और ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोग अंदर फंस गए।

सूचना मिलते ही स्थानीय युवाओं ने नगर परिषद की टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सीढ़ियों और अन्य संसाधनों की सहायता से एक-एक कर सभी लोगों को सुरक्षित नीचे उतारा गया। इस दौरान नगर परिषद की फायर ब्रिगेड और धरमपुरी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई तथा आग बुझाने और बचाव कार्य शुरू किया।

धुएं के कारण कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए धामनोद रेफर किया गया। समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लेने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

घटनास्थल के सामने स्थित एक चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. फिरोज ने बताया कि आग लगने के बाद उन्होंने तत्काल लोगों को बाहर निकलने का संकेत दिया और नगर परिषद अध्यक्ष को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड, पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। धुएं से प्रभावित लोगों का प्राथमिक उपचार करने के बाद कुछ को धामनोद भेजा गया।

धरमपुरी थाना प्रभारी सरदार सिंह सोलंकी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। भवन में कार्यक्रम होने के कारण बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। नगर परिषद की सीढ़ी की सहायता से कांच तोड़कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित