नई दिल्ली , अक्टूबर 18 -- दिल्ली में लगातार हो रहे धरना-प्रदर्शनों और यातायात जाम के कारण सदर बाजार के कारोबार पर असर पड़ रहा है। सदर बाजार बारी मार्केट ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि इससे ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित हो रही है और व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
एसोसिएशन के अध्यक्ष के अनुसार धरना-प्रदर्शनों से 700 करोड़ रुपये से लेकर हजारों करोड़ रुपये तक के कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है।
श्री पम्मा ने कहा कि सदर बाजार देश का प्रमुख थोक व्यापार केंद्र है, जहां से गिफ्ट आइटम, क्रॉकरी, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, सजावटी सामान, खिलौने और त्योहारों से जुड़ी वस्तुओं की आपूर्ति देश के विभिन्न राज्यों में की जाती है। दीपावली सहित अन्य त्योहारों के दौरान कारोबारियों को अच्छी बिक्री की उम्मीद रहती है, लेकिन यातायात बाधित होने से ग्राहकों और थोक खरीदारों को बाजार पहुंचने में परेशानी होती है। इससे बिक्री और माल की आपूर्ति प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि व्यापार प्रभावित होने से दुकानदारों के साथ-साथ माल ढुलाई करने वालों, मजदूरों और पैकिंग कर्मचारियों की आजीविका पर भी असर पड़ता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित