धमतरी , जुलाई 13 -- छत्तीसगढ़ में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से धमतरी जिले में सोमवार से 18 जुलाई तक विशेष ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण सप्ताह शुरू किया गया है। अभियान के तहत 14 वर्ष आयु की सभी पात्र बालिकाओं को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभियान के लिए स्कूलों से लेकर जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (एचडब्ल्यूसी) तथा चिन्हित विशेष टीकाकरण सत्र स्थलों पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि एचपीवी संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव का सुरक्षित, प्रभावी और वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित माध्यम है। उन्होंने सभी पात्र बालिकाओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने की अपील की।
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं।
जिला कलेक्टर ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि एचपीवी टीका पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न देने तथा स्वास्थ्य विशेषज्ञों के परामर्श पर अपनी 14 वर्ष की बेटियों का टीकाकरण कराने का आग्रह किया। साथ ही जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों, स्वयंसेवी संगठनों और सामाजिक संस्थाओं से अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने की अपील की, ताकि जिले की कोई भी पात्र बालिका इस जीवनरक्षक टीके से वंचित न रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित