धमतरी , मई 30 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक सराफा कारोारी से लगभग 70 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के सराफा कारोबारी जसराज जैन ने शिकायत दर्ज कराई है कि हेमंत सोनी नामक युवक उनके परिवार का परिचित था। आरोपी के पिता कई वर्षों तक उनकी दुकान में कार्यरत रहे थे, जिसके कारण दोनों परिवारों के बीच गहरा विश्वास कायम हो गया था।
शिकायत में कहा गया है कि इसी भरोसे के चलते हेमंत सोनी का दुकान में नियमित आना-जाना था। कारोबारी के अनुसार, वह कई बार दुकान की जिम्मेदारी भी उसे सौंपकर बाहर चले जाते थे। आरोप है कि करीब दो माह पूर्व हेमंत सोनी लगभग 70 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर चला गया और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका।
कारोबारी ने बताया कि जब उन्होंने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्हें ठगी की आशंका हुई और उन्होंने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस बीच, आरोपी के परिजनों द्वारा भी उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी तथा जांच-पड़ताल की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित