धमतरी , जून 11 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर स्थित कोतवाली थाना क्षेत्र में संदिग्ध गौवंश कटाई की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई। साल्हेवार पारा वार्ड के गाड़ापारा क्षेत्र में गुरुवार को पशु अवशेष और बड़ी मात्रा में मांस मिलने की सूचना पर पुलिस तथा पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में गौवंश की कथित कटाई किए जाने की सूचना मिलने पर गौसेवक घटनास्थल पहुंचे। गौसेवकों का दावा है कि वहां पशु के कटे हुए अवशेष और मांस के टुकड़े पड़े मिले। उनके पहुंचने से पहले ही कथित आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
हिंदू जागरण मंच के डाकेश्वर साहू ने कहा, "हमें सूचना मिली थी कि गौवंश को काटने के लिए लाया गया है। मौके पर पहुंचने पर बड़ी मात्रा में मांस मिला। मांस की बिक्री किए जाने की भी जानकारी मिली है। मामले में शामिल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।"हिंदू जागरण मंच के चित्रेश साहू ने कहा, "घटनास्थल के पास तालाब किनारे हड्डियां और खाल भी मिली हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। क्षेत्र में लंबे समय से इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिलती रही हैं, जिन पर रोक लगनी चाहिए।"पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मयंक पटेल ने बताया, "सूचना मिलने पर विभागीय टीम मौके पर पहुंची और जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए हैं। लगभग 86 किलो मांस बरामद हुआ है। नमूनों को परीक्षण के लिए हैदराबाद स्थित प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद मांस गौवंश का है या नहीं।"पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित