धमतरी , अक्टूबर 12 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सोमवार को गंगरेल से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप भटगांव रोड के पास अनियंत्रित होकर पलट गयी जिससे 25 से अधिक लोगों के घायल होने की प्रारंभिक सूचना है। घायलों में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप में 40 से अधिक लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया गया था। गंगरेल से वापसी के दौरान भटगांव रोड के समीप चालक के नियंत्रण खोने से पिकअप पलट गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
दुर्घटना में घायल यात्रियों को उपचार के लिए धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। प्रारंभिक जानकारी में 25 से अधिक लोगों के चोटिल होने की पुष्टि संबंधी सूचना सामने आई है। घायलों में बच्चों के भी शामिल होने से हादसे की गंभीरता बढ़ गई है।
फिलहाल वाहन के अनियंत्रित होने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घायलों की स्थिति और हादसे से संबंधित विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित