धमतरी , सितंबर 12 -- छत्तीसगढ़ में धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच पुल के अभाव के कारण नगर पंचायत लटियारा के चर्रा कच्छारपारा में शनिवार को ग्रामीणों को एक बीमार व्यक्ति को खाट पर बैठाकर उफनता नाला पार कर अस्पताल ले जाना पड़ा।

जानकारी के मुताबिक चर्रा कच्छारपारा के गोपेश पटेल की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाना जरूरी था, लेकिन लगातार बारिश के कारण चर्रा का डुमर नाला उफान पर था। नाले पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने गोपेश पटेल को खाट पर बिठाया और चार लोगों ने खाट को उठाकर तेज बहाव के बीच नाला पार कराया।

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में यहां हर साल इसी तरह की परेशानी सामने आती है। नाले पर पुल नहीं होने से मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के साथ ही स्कूली बच्चों और अन्य ग्रामीणों के आवागमन में भी दिक्कत होती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पुल का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दौरान लोगों को जान जोखिम में डालकर नाला पार नहीं करना पड़े।

जिला कलेक्टर ने कहा कि बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं, ऐसे में लोगों को ऐसी जगहों पर जाने से बचना चाहिए और सतर्कता बरतनी चाहिए। जिन क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, वहां प्रशासन की ओर से पहले ही राशन पहुंचा दिया गया है, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इधर, माडमसिल्ली बांध के गेट खुलने के बाद नदी का जलस्तर बढ़ गया है। एक पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ पानी गुजरने के बावजूद लोगों के उसे पार करने की तस्वीरें सामने आई हैं। तीजा पर्व पर अपने घर जाने के लिए महिलाएं भी जोखिम उठाकर पुल पार करती नजर आ रही हैं।

तेज बहाव के बीच भरी बस और ट्रैक्टर जैसे भारी वाहन भी पुल से गुजरते दिखाई दे रहे हैं। लगातार बारिश और बढ़े जलस्तर के बीच प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों तथा जलमग्न मार्गों पर जोखिम नहीं उठाने और सतर्कता बरतने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित