धमतरी , मई 28 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में गुरुवार को एक बंद फल दुकान के भीतर ऑटो चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबेडकर चौक स्थित एक बंद फल दुकान के भीतर युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान मकेश्वर वार्ड निवासी शेख जमील खान के रूप में की गई है, जो पेशे से ऑटो चालक था।

घटना की जानकारी आसपास के लोगों द्वारा पुलिस को दी गई, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित