धमतरी , मार्च 12 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पिछले कुछ दिनों से एलपीजी गैस की किल्लत से उपभोक्ता परेशान नजर आ रहे हैं। गैस सिलेंडर लेने के लिए लोग सुबह से ही गैस एजेंसियों के चक्कर काटते दिखाई दे रहे हैं। स्थिति यह है कि महिला हो या पुरुष, सभी अपने रोजमर्रा के काम छोड़कर पहले गैस सिलेंडर की व्यवस्था करने में जुटे हुए हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि ऑनलाइन बुकिंग के लिए कॉल करने पर बुकिंग नहीं हो पा रही है। एजेंसी द्वारा सर्वर डाउन होने की बात कही जा रही है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गैस सिलेंडर की कमी का असर सबसे ज्यादा घरेलू महिलाओं पर पड़ रहा है। सिलेंडर नहीं मिलने के कारण कई घरों में खाना बनाने में दिक्कतें आ रही हैं। लोग घंटों तक एजेंसी के बाहर लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं।
फिलहाल उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि जल्द ही गैस की आपूर्ति सामान्य होगी और उन्हें इस परेशानी से राहत मिलेगी। हालांकि यह समस्या और कितने दिनों तक बनी रहेगी, यह आने वाले समय में ही स्पष्ट हो पाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित