धमतरी , मई 04 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रुद्री स्थित पुलिस फायरिंग रेंज में सोमवार को अभ्यास के दौरान .303 राइफल का चैंबर फटने से होमगार्ड का एक जवान घायल हो गया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन रुद्री में नियमित फायरिंग अभ्यास चल रहा था। इस दौरान जवान .303 राइफल से निशानेबाजी कर रहे थे। इसी बीच एक राइफल में अचानक तकनीकी खराबी आने से उसका चैंबर फट गया, जिससे निकला धातु का टुकड़ा पास में खड़े जवान चौबेलाल टंडन के गले के पीछे जा लगा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। उपस्थित जवानों और अधिकारियों ने तत्काल घायल को प्राथमिक उपचार देते हुए जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार टोंडर के अनुसार घायल जवान के गले को छूते हुए धातु का हिस्सा कान के पीछे से निकल गया है। फिलहाल उसकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है तथा एक्स-रे रिपोर्ट के आधार पर आगे का उपचार किया जाएगा। घायल जवान माना क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण राइफल में आई तकनीकी खराबी को माना जा रहा है। घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित