धमतरी , जनवरी 12 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को धमतरी जिले के कुरूद नगर पालिका का विधिवत शुभारंभ किया। नगर पंचायत से नगर पालिका बनने के बाद अब कुरूद में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर नगर में 17 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया गया।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री साव ने राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया तथा विवेकानंद मंगल भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके नाम से जुड़े इस भवन से सामाजिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साव ने विवेकानंद मंगल भवन से केसीपी स्कूल तक बड़े नाले के निर्माण, कवर ब्लॉक, विद्युत विस्तार के लिए एक करोड़ 46 लाख रुपये तथा नगर में स्ट्रीट लाइट और ट्रक माउंटेड वाहन की खरीदी के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित