धमतरी , मार्च 14 -- छत्तीसगढ़ में धमतरी जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र में शनिवार को जंगल में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार केरेगांव वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 138 में आज लगी आग तेजी से फैलते हुए करीब 25 से 30 एकड़ जंगल क्षेत्र को अपनी चपेट में ले चुकी है। आग की वजह से जंगल में मौजूद इमारती पेड़ों, छोटे पौधों और वनस्पतियों को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। आग लगातार फैल रही है, जिससे आसपास के वन क्षेत्र में भी खतरा बना हुआ है।
मौके पर मौजूद फायर वाचर और वन विभाग का अमला आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटा हुआ है लेकिन खबर लिखे जाने तक आग पूरी तरह नियंत्रित नहीं हो सकी थी।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। उनका कहना है कि समय पर निगरानी और रोकथाम के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल वन विभाग की टीम आग को फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित