धमतरी , मार्च 29 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से लगे आनंदपुर गांव में रविवार सुबह एक जंगली सूअर के हमले से दहशत का माहौल बन गया। रिहायशी इलाके में घुसे सूअर ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि कुल चार ग्रामीण इसकी चपेट में आए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय जंगल से निकलकर एक जंगली सूअर गांव के भीतर घुस आया और लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। हमले के दौरान चम्पा बाई नाम की महिला अपने घर में भोजन कर रही थी, तभी सूअर घर के अंदर घुस गया और उसके पैर पर गंभीर चोट पहुंचाई।
घटना के बाद परिजनों ने घायल महिला को तत्काल धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित