धमतरी , मई 03 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कलेक्टोरेट के समीप स्थित एक कॉलोनी में एक भालू घुस आया। घटना के समय प्रशासन के आला अधिकारी राज्यपाल के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों में व्यस्त थे।
भालू दिखने की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में 'अलर्ट' जारी कर दिया गया। एहतियात के तौर पर कॉलोनी के निवासियों को घरों के भीतर ही रहने की सलाह दी गई।
भालू को पकड़ने के लिए रायपुर से विशेषज्ञों की 'ट्रेंकुलाइजिंग' टीम बुलाई गई। करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भालू को सुरक्षित रूप से काबू में कर लिया गया। ट्रेंकुलाइजिंग टीम ने एक इंजेक्शन की मदद से भालू को बेहोश कर दिया था।
प्राथमिक जांच में पाया गया कि भालू के शरीर में पानी की कमी थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह पानी की तलाश में भटककर शहरी क्षेत्र में पहुंच गया था। वन विभाग की टीम ने उपचार के तौर पर भालू को ग्लूकोज भी दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित