देहरादून , जून 24 -- उत्तराखंड के चारधाम सहित अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की ई-मेल तथा सोशल मीडिया पर मंगलवार से प्रसारित हो रही धमकियों के बाद उत्तराखंड सरकार ने सुरक्षा के व्यापक एवं पुख्ता इंतजाम किए हैं।
इसी क्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बुधवार को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दीपम सेठ से दूरभाष पर वार्ता कर चारों धामों सहित श्री बदरीनाथ एवं श्री केदारनाथ मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था के बावत चर्चा की।
श्री द्विवेदी ने बताया कि श्री बदरीनाथ धाम एवं श्री केदारनाथ धाम में सुरक्षा के पर्याप्त एवं सुदृढ़ प्रबंध किए गए हैं। पुलिस, भारत तिब्बत सीमा पुलिस आईटीबीपी तथा राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवान पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। बीकेटीसी द्वारा भी प्रशासन से समन्वय कर तीर्थयात्रियों का ध्यान रखा जा रहा है। यात्रा मार्गों सहित मंदिर परिसरों की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया एवं ई-मेल के माध्यम से बम की धमकी देने वाले अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच प्रारंभ कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।
श्री द्विवेदी ने कहा कि चारधाम श्री बदरीनाथ, श्री केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री तथा श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संचालित हो रही है। कहीं भी किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है। उन्होंने प्रदेशवासियों, श्रद्धालुओं एवं यात्रियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन और अधिकृत स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं पर ही विश्वास करें। कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सरकार एवं प्रशासन तथा बीकेटीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित