धनबाद , सितंबर 25 -- झारखंड के धनबाद जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कई खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी की। सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न दुकानों से पनीर, घी और खोवा के नमूने लिए, जिन्हें रासायनिक जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजा गया है।

कार्रवाई के दौरान स्टील गेट स्थित गौतम डेयरी में जांच के लिए टीम पहुंची तो संचालक दुकान छोड़कर फरार हो गया। जांच में प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई लाइसेंस एक्सपायर्ड पाया गया। दुकान से 48 किलो संदिग्ध पनीर, 2 किलो घी और खोवा जब्त किया गया। प्रशासन ने प्रतिष्ठान को तत्काल सील कर दिया।

वहीं पुलिस लाइन स्थित राकेश डेयरी से भी 10 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया गया। इसके अलावा सरायढेला के रूफ़ 709, निर्मल स्वीट्स, रमेश डेयरी और बरटांड़ स्थित गंगा डेयरी से पनीर, घी और खोवा-मिठाई के नमूने लिए गए।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों को शुद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिना वैध लाइसेंस खाद्य कारोबार करने वालों और खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित