रांची , मई 04 -- झारखंड के धनबाद जिले के पुटकी थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालीचक स्थित एसएनआर आउटसोर्सिंग कंपनी में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 54 वर्षीय रामस्वरूप चौहान की मौत हो गई।

मृतक गोधर 4 नंबर के निवासी थे और पिछले चार वर्षों से सिंह नेचुरल आउटसोर्सिंग कंपनी में सुपरवाइजर (स्विफ्ट इंचार्ज) के पद पर कार्यरत थे। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामस्वरूप चौहान रोज की तरह सोमवार को भी अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। कार्य के दौरान अचानक हुए हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद सहकर्मियों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कार्यस्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुटकी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में घटना को कार्यस्थल पर हुई दुर्घटना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

इधर, घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने कंपनी प्रबंधन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आश्रित को नौकरी देने की मांग की है।

वहीं, मजदूर संगठनों ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का ठीक से पालन किया जाता, तो इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और कंपनी प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित