रांची , मई 03 -- झारखंड के भाकपा माले के राज्य सचिव कॉमरेड मनोज भक्त ने कहा कि धनबाद के मुनीडीह कोल वाशरी, धनबाद क्षेत्र में ट्रक पर स्लरी लोडिंग के दौरान मजदूरों पर मलबा गिरने से चार मजदूरों की मौत अत्यंत दुखद और चिंताजनक है।
श्री भक्त ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह हादसा सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और लापरवाही का परिणाम है। बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं बताती हैं कि बीसीसीएल प्रबंधन और संबंधित प्रशासन मजदूरों तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहे हैं। उन्होंने मांग की कि इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
श्री भक्त ने कहा कि मृतक मजदूरों के परिवारों को सम्मानजनक और पर्याप्त मुआवजा दिया जाए, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी मिले तथा घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए।
श्री भक्त ने आगे कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कार्यस्थलों पर कड़े सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन, नियमित निगरानी और जवाबदेही तय की जाए। सरकार और बीसीसीएल प्रशासन को ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने होंगे, ताकि मजदूरों और आम जनता की जान की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित