ऱांची , मई 02 -- झारखंड के धनबाद जिले के पुटकी/पश्चिमी झरिया क्षेत्र के अंतर्गत मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार को लगभग तीन बजे एक भीषण हादसा हो गया।
कोयले की स्लरी लोड करने के दौरान अचानक स्लरी का बड़ा हिस्सा खिसक(स्लाइड) गया, जिसकी चपेट में आकर चार मजदूर दब गए। घटना स्थल पर ही चारों मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान हेमलाल गोप उर्फ मैयरा यादव, 50 वर्षीय रूदी कपुरिया, लगभग 48 वर्षीय दीपक बाउरी, लगभग 40 वर्षीय मानिक बाउरी तथा दिनेश बाउरी (गोपनाडीह निवासी) के रूप में की गई है। सभी मजदूर स्थानीय क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में कोल वाशरी प्रबंधन के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि स्लरी के ऊंचे ढेर को लेकर पहले ही प्रबंधन को आगाह किया गया था और जेसीबी मशीन से उसे समतल कराने की मांग की गई थी। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो इतनी बड़ी दुर्घटना टल सकती थी।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीण उग्र हो गए और शव उठाने से रोक दिया। उनकी मांग है कि मृतकों के आश्रितों को तत्काल नौकरी और उचित मुआवजा दिया जाए, साथ ही लापरवाह प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित