रांची , मई 25 -- झारखंड के धनबाद के युवा मैत्री केंद्र को देशभर में तीसरा स्थान मिला है।

राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) में सदर अस्पताल धनबाद ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे देश भर में तीसरा स्थान पाया है। धनबाद के किसी स्वास्थ्य योजना में यह पहली बार है कि जब राष्ट्रीय स्तर पर धनबाद टॉप तीन में आया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में यह सूची जारी की है।

सदर अस्पताल का युवा मैत्री केंद्र को एडोलसेंट फ्रेंडली हेल्थ, वीकली आयरन फोलिक एसिड सप्लीमेंटेशन, पियर एजुकेटर प्रोग्राम, मेंस्ट्रूअल हाइजीन स्कीम बेहतर काम करने पर यह उपलब्धि हासिल हुई है। धनबाद की उपलब्धि पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने सिविल सर्जन डा. आलोक विश्वकर्मा और केंद्र की काउंसलर रानी प्रसाद को बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि राष्ट्रीय स्तर पर धनबाद सदर अस्पताल की पहचान होना खुशी की बात है।

श्री रंजन ने कहा कि सदर अस्पताल लगातार बेहतर कर रहा है। रानी प्रसाद में बताया कि यह उपलब्धि पूरे स्वास्थ्य विभाग की है। किशोर किशोरियों में विभिन्न प्रकार के शारीरिक और मानसिक बदलाव, हार्मोनल बदलाव आदि होते रहते हैं। ऐसी उम्र में जिज्ञासा भी काफी उच्च स्तर की होती है। केंद्र की कोशिश रहती है कि ऐसे बच्चों की जिज्ञासा को एक सकारात्मक दिशा दी जाए, मन में नकारात्मक चीज और भ्रम की चीज दूर की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित