रांची , मार्च 30 -- झारखंड के धनबाद जिले में राजगंज थाना प्रभारी अलीशा कुमारी को सार्वजनिक कार्यक्रम में वर्दी पहनकर डांस करना महंगा पड़ गया।
भोजपुरी गाने पर उनके डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना राजगंज के लाल बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर परिसर की है, जहां नवरात्रि के अवसर पर डांडिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी अलीशा कुमारी को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान जैसे ही भोजपुरी गाने बजे, वह मंच के पास पहुंचीं और डांस करने लगीं। उस समय वह पूरी तरह पुलिस की आधिकारिक वर्दी में थीं।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया।
वीडियो सामने आने के बाद लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। जहां कुछ लोगों ने इसे सामान्य उत्साह बताया, वहीं बड़ी संख्या में लोगों और विभागीय अधिकारियों ने इसे पुलिस अनुशासन और वर्दी की गरिमा के खिलाफ माना।
मामले की जानकारी मिलते ही धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने इस आचरण को अनुशासनहीनता मानते हुए तत्काल प्रभाव से अलीशा कुमारी को राजगंज थाना से हटाकर लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया। साथ ही विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई भी संभावित बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित