श्रीगंगानगर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ श्रीगंगानगर की एक बैठक कृषि विस्तार कार्यालय में महासंघ के जिलाध्यक्ष अशोक कलवानिया और संरक्षक श्याम गोस्वामी की संयुक्त अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिसमें धनतेरस के दिन वित्त मंत्री के आवास के बाहर काली दीवाली मनाने का फैसला लिया गया है।
बैठक राज्य सरकार द्वारा कर्मचारी हितों को लेकर की जा रही असंवेदनशीलता और समर्पित अवकाश एवं जीपीएफ, राज्य बीमा, ग्रेच्युटी के नकद भुगतान पर लगायी गयी अघोषित रोक को लेकर महासंघ के प्रांतीय आह्वान पर किये जा रहे आंदोलन के चरणों का समर्थन करते हुए घटक संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा गहरा रोष प्रकट किया गया ।
बैठक में सभी पदाधिकारियों द्वारा विरोधस्वरूप आगामी पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव प्रशिक्षणों में राजकीय नाश्ते और भोजन का बहिष्कार करने एवं मतदान दिवसों को उपवास रखने के महासंघ के निर्णय को सभी कर्मचारियों से शतप्रतिशत लागू कराने का संकल्प लिया गया।
साथ ही धनतेरस के दिन वित्त मंत्री के आवास के बाहर काली दिवाली मनाए जाने के लिए और 12 दिसम्बर को रामलीला मैदान नई दिल्ली में आयोजित रैली में उपस्थिति दर्ज कराने के लिए आवश्यक तैयारियां करके आंदोलन को सफल बनाने का निर्णय लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित