चंडीगढ़ , मई 30 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार धनक समुदाय के अधिकारों, सम्मान और विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार के 63 संकल्प पूरे हो चुके हैं, जबकि 153 पर तेजी से कार्य जारी है और 2029 तक सभी वादे पूरे किए जाएंगे।
श्री सैनी ने धनक समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में कहा कि संत कबीर जयंती का राज्य स्तरीय आयोजन 29 जून को भिवानी में होगा। उन्होंने अनुसूचित जातियों के आरक्षण को वंचित और अन्य वर्गों में विभाजित कर 10 प्रतिशत आरक्षण वंचित अनुसूचित जातियों के लिए सुनिश्चित करने को सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया।
उन्होंने कहा कि डॉ. बी.आर. अंबेडकर ने संविधान के माध्यम से समान अधिकार और अवसर सुनिश्चित किए। सरकार गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान भारत-चिरायु योजना के तहत 29.20 लाख से अधिक मरीजों को 4,131 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज मिल चुका है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पात्र परिवारों को मकान और भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा डीएससी समुदाय के 604 युवाओं को हरियाणा पुलिस में रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को 3,200 रुपये मासिक पेंशन और लाडो-लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2,100 रुपये प्रतिमाह दिए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित