वाराणसी , अप्रैल 10 -- विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत में शुक्रवार को पूर्व सांसद धनंजय सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में सुनवाई हुई। दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी दलीलें रखीं। पूरी सुनवाई अंतिम चरण में पहुंचने के कारण इस प्रकरण में जल्द ही बड़ा फैसला आने की उम्मीद जताई जा रही है। अगली सुनवाई 13 अप्रैल को होगी।
प्रकरण के अनुसार, 4 अक्टूबर 2002 को तत्कालीन विधायक और पूर्व सांसद धनंजय सिंह अपने साथियों के साथ जौनपुर लौटते समय जानलेवा हमला हुआ था। आरोप है कि वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर स्थित टकसाल सिनेमा हाल के समीप बोलेरो से उतरे अभय सिंह और उनके साथियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी। हमले में धनंजय सिंह, उनके चालक, गनर समेत अन्य लोग घायल हो गए थे। हमलावर मौके से फरार हो गए थे। वर्तमान में गोसाईगंज से विधायक अभय सिंह इस घटना के मुख्य आरोपी हैं। कुछ लोगों का नाम साक्ष्य न होने की वजह से पत्रावली में नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित