रामपुर , अप्रैल 11 -- रियासत रामपुर के अंतिम शासक नवाब रज़ा अली खां के पौत्र नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां ने ब्रिटिश-भारतीय इतिहासकार एवं शोधकर्ता पीटर बैंस द्वारा लिखित पुस्तक द लास्ट रॉयल्स ऑफ लाहौर के विमोचन कार्यक्रम में भाग लिया। नई दिल्ली में रॉयल फेबल्स द्वारा आयोजित कार्यक्रम में पुस्तक का अनावरण किया गया। पूर्व मंत्री नवेद मियां ने बताया कि पुस्तक में लाहौर के अंतिम राजपरिवार का विस्तृत वृत्तांत प्रस्तुत किया गया है। इसमें लेखक के निजी संग्रह से मूल कलाकृतियों सहित 550 से अधिक चित्र शामिल किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि पुस्तक में महाराजा दुलीप सिंह के जीवन के साथ उनके पुत्रों और पुत्रियों के जीवन का भी विस्तार से वर्णन है। इसमें राजकुमारी सोफिया दुलीप सिंह की महिला मताधिकार आंदोलन में भूमिका, राजकुमारी कैथरीन द्वारा नाजी जर्मनी से यहूदी शरणार्थियों की सहायता, राजकुमार विक्टर के प्रथम विश्व युद्ध के दौरान भारतीय क्रांतिकारियों से संबंध तथा राजकुमार फ्रेडरिक के कला और वास्तुकला संरक्षण में योगदान का उल्लेख किया गया है।

नवेद मियां ने पुस्तक की सराहना करते हुए बताया कि इसका आधिकारिक विमोचन इस माह के अंत में लंदन स्थित केंसिंग्टन पैलेस में किंग चार्ल्स की उपस्थिति में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पीटर बैंस महाराजा दुलीप सिंह परिवार के प्रमुख जीवनीकारों में शामिल हैं, जिन्होंने लगभग 30 वर्षों के स्वतंत्र शोध तथा दुर्लभ दस्तावेजों, वस्त्रों, कलाकृतियों और तस्वीरों के निजी संग्रह के आधार पर यह कृति तैयार की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित