नयी दिल्ली , अगस्त 31 -- भारत और आर्मेनिया ने द्विपक्षीय संबंधों को अधिक मजबूत बनाने तथा पारस्परिक हित के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की है।

विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिन्यान ने किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में 26वें शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के अवसर पर वार्ता की। आर्मेनिया में इस वर्ष जून में हुए आम चुनावों के बाद प्रधानमंत्री पशिन्यान के फिर से निर्वाचित होने के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात थी।

श्री मोदी ने श्री पशिन्यान को उनकी चुनावी जीत और पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने रक्षा, आर्थिक, फार्मा, खनन, शिक्षा और सांस्कृतिक क्षेत्रों सहित द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की। उन्होंने हाल के समय में कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग के विस्तार पर संतोष व्यक्त किया और इन संबंधों को अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए संवाद और कूटनीति के माध्यम से निरंतर प्रयासों की आवश्यकता को दोहराया।

श्री पशिन्यान ने श्री मोदी को आर्मेनिया-अज़रबैजान शांति समझौते के कार्यान्वयन की वर्तमान स्थिति के बारे में जानकारी दी।

दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा पारस्परिक हित के क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति व्यक्त की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित