नयी दिल्ली , मई 27 -- भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय समझौते पर अंतिम रूप देने पर चल रही वार्ताओं को आगे बढ़ाने के लिए अमेरिका के अधिकारियों का एक दल एक से चार जून तक भारत के दौरे पर आ रहा है।
भारत और अमेरिका ने इसी साल सात फरवरी को एक संयुक्त वक्तव्य जारी कर पारस्परिक और आपसी रूप से लाभकारी व्यापार से संबंधित एक अंतरिम समझौते की संरचना पर सहमति व्यक्त की थी। इसमें दोनों पक्षों की ओर से एक व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौता वार्ता शुरू करने के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि की गयी है। सहमति को अंतिम रूप देने पर बातचीत के लिए भारतीय दल ने 20 से 23 अप्रैल तक अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ व्यक्तिगत बैठकों के लिए वाशिंगटन डीसी का दौरा किया।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार चर्चाओं को आगे बढ़ाने के लिए, मुख्य वार्ताकार के नेतृत्व में अमेरिकी टीम एक से चार जून तक भारत का दौरा करेगी। विज्ञप्ति में कहा गया है कि अंतरिम समझौते के विवरण को अंतिम रूप देने और बाजार में प्रवेश, गैर-टैरिफ उपाय, सीमा शुल्क और व्यापार सुविधा, निवेश प्रोत्साहन, आर्थिक सुरक्षा संयोजन जैसे कई क्षेत्रों पर व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के लिए वार्ताओं को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित