नयी दिल्ली , जुलाई 25 -- सरकार ने कहा है कि राष्ट्रीय राजधानी में 8.1 किमी लंबी छह लेन की द्वारका सुरंग परियोजना से दिल्ली की कनेक्टिविटी को नया स्वरूप मिलेगा और हवाई अड्डे, द्वारका, गुरुग्राम तथा दक्षिण दिल्ली के बीच आवागमन पहले से तेज एवं सुगम हो सकेगा।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) लगभग 6,969.67 करोड़ रुपये की लागत से इस परियोजना का निर्माण करेगा। परियोजना के तहत द्वारका एक्सप्रेसवे पर शिव मूर्ति इंटरचेंज को वसंत कुंज के नेल्सन मंडेला मार्ग से जोड़ा जायेगा। इसमें 3.14 किलोमीटर लंबी ट्विन-ट्यूब सुरंग होगी, जिसमें 1.98 किलोमीटर हिस्सा सदर्न रिज के नीचे से गुजरेगा, जिससे पर्यावरणीय प्रभाव को न्यूनतम रखा जा सकेगा।
मंत्रालय के अनुसार इस कॉरिडोर के बनने से धौला कुआं, महिपालपुर, रंगपुरी और छतरपुर जैसे भीड़भाड़ वाले मार्गों पर दबाव कम होगा तथा इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों और भारत मंडपम सहित महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच आसान होगी।
सरकार ने कहा कि आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) इस परियोजना को पहले ही मंजूरी दे चुकी है और यह परियोजना यातायात जाम कम करने, यात्रा समय घटाने और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों तथा शहरी परिवहन व्यवस्था को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित