नयी दिल्ली , अगस्त 13 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्दर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को यहां द्वारका स्थित हिमाचल निकेतन का दौरा कर भवन के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से शेष फिनिशिंग कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिये, ताकि भवन को जल्द प्रदेश की जनता को समर्पित किया जा सके। उन्होंने कहा कि हिमाचल निकेतन राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले हिमाचलवासियों, विशेषकर चिकित्सा उपचार और शिक्षा के लिए दिल्ली आने वाले लोगों को आरामदायक और गुणवत्तापूर्ण आवास सुविधा उपलब्ध करवायेगा।
उन्होंने कहा कि भवन में लगभग चार सितारा श्रेणी की सुविधाएं होंगी और यह दिल्ली आने वाले प्रदेशवासियों के लिए महत्वपूर्ण सहायक केंद्र के रूप में कार्य करेगा। लगभग 190 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से निर्मित हो रहे हिमाचल निकेतन में 107 कमरे, रेस्तरां, बैंक्वेट हॉल, दो बहुउद्देशीय हॉल, बैठक कक्ष और विद्यार्थियों के लिए डॉर्मिटरी की सुविधा होगी। परिसर में पर्याप्त पार्किंग, गार्डन, ईवी चार्जिंग स्टेशन सहित अन्य आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध करवायी जायेंगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने और सभी लंबित कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित