मुंबई , सितंबर 08 -- ोनी सब के 'हस्तिनापुर के वीर' में गुरु द्रोणाचार्य की भूमिका निभा रहे जितेन लालवानी को शिक्षक दिवस पर शो की युवा कास्ट ने खास अंदाज में सरप्राइज दिया। युवा कलाकारों ने उन्हें चॉकलेट्स और हाथ से लिखे कार्ड देकर उनके मार्गदर्शन और सहयोग के प्रति आभार जताया।

जितेन सेट पर युवा कलाकारों को सीन और परफॉर्मेंस समझाने के साथ-साथ कठिन दृश्यों में उनका हौसला बढ़ाते हैं। इसी जुड़ाव के चलते कलाकारों ने उन्हें असल जिंदगी के गुरु के रूप में सम्मान देते हुए यह सरप्राइज प्लान किया।

जितेन लालवानी ने कहा, "शिक्षक दिवस हमेशा खास होता है, लेकिन मेरे युवा सह-कलाकारों का यह सरप्राइज इसे और भी यादगार बना गया। द्रोणाचार्य का किरदार निभाते हुए गुरु होने की जिम्मेदारी का एहसास होता है, लेकिन इन युवा कलाकारों के साथ काम करने से मुझे भी बहुत कुछ सीखने को मिला है। चॉकलेट्स और कार्ड्स प्यारा इशारा था, लेकिन इस सरप्राइज के पीछे का प्यार मेरे लिए सबसे खास है।"युधिष्ठिर की भूमिका निभा रहे अतहर खान ने कहा कि जितेन सर सेट पर उनके गुरु जैसे हैं। किसी सीन को लेकर उलझन होने पर वह हमेशा उन्हें समझाते हैं और बेहतर परफॉर्मेंस के लिए मार्गदर्शन देते हैं।

अर्जुन की भूमिका निभा रहीं उर्वा सावलिया ने कहा कि जितेन हमेशा युवा कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हैं और उन्हें सहज होकर परफॉर्म करने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक दिवस उनके प्रति आभार जताने का खास अवसर था।

'हस्तिनापुर के वीर' का प्रसारण सोनी सब पर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित