चेन्नई , फरवरी 22 -- तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष प्रगतिशील गठबंधन (एसपीए) ने रविवार को सीट बंटवारे की प्रक्रिया शुरू कर दी और इस सिलसिले में उसने सबसे पहले इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) से बातचीत की है।

आईयूएमएल के राष्ट्रीय अध्यक्ष खादर मोइदीन अपनी पार्टी के सीट बंटवारे पैनल के सदस्यों के साथ द्रमुक मुख्यालय अन्ना अरिवालयम गए और कुछ सप्ताह के बाद होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले लोकसभा सांसद और पार्टी कोषाध्यक्ष टीआर बालू की अध्यक्षता वाली पार्टी की कमेटी के साथ सीट बंटवारे की पहली बातचीत की। बैठक के बाद श्री मोइदीन जब मीडिया से बातचीत कर रहे थे, तो गर्मी और रोजा रखने की वजह से बेहोश हो गए।

उन्हें द्रमुक कार्यालय ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। आईयूएमएल को 2021 के चुनावों में द्रमुक ने तीन सीटें दी थी और उसे एक भी सीट पर जीत नहीं मिली थी। लेकिन इस बार उसने पांच सीटों की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित