पुड्डुचेरी , मार्च 16 -- पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार से नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है लेकिन अभी तक इंडिया गठबंधन के तहत द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम(द्रमुक) और कांग्रेस के बीच गठबंधन और सीटों के बँटवारे पर बात नहीं बन पायी है।

द्रमुक ने पुडुचेरी में लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया है, जिससे कांग्रेस पार्टी के नेताओं को झटका लगा है। द्रमुक महासचिव एवं तमिलनाडु के जल संसाधन मंत्री दुरईमुरुगन ने चेन्नई में घोषणा की कि मुख्यमंत्री एवं द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन मंगलवार से 22 मार्च तक चेन्नई में पार्टी मुख्यालय अन्ना अरिवलयम में पुडुचेरी और तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों का साक्षात्कार लेंगे।

उन्होंने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी और कराईकल के इच्छुक उम्मीदवारों का साक्षात्कार कल सुबह 09:00 बजे से होगा, जिसके बाद तमिलनाडु चुनाव के उम्मीदवारों का साक्षात्कार लिया जाएगा। हालाँकि, द्रमुक और कांग्रेस दोनों ने दो दिन पहले पुडुचेरी में बातचीत की थी, लेकिन कोई प्रगति नहीं हुई, क्योंकि यहाँ इंडिया गठबंधन के नेतृत्व के मुद्दे पर बातचीत अचानक खत्म हो गई थी। इसी पृष्ठभूमि में द्रमुक आलाकमान ने मंगलवार को इच्छुक उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित