जयपुर , सितम्बर 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने राजस्थान के नगरीय निकायों में पार्टी की प्रचंड जीत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की डबल इंजन सरकार को जनता का आशीर्वाद बताते हुए कहा है कि दौ सौ से अधिक निकायों में भाजपा की जीत जनता के समर्थन का प्रतीक हैं।

श्री नवीन शुक्रवार को यहां एक कार्यक्रम में कहा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सपने के अनुरूप हम पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भगवा लहर के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 200 से अधिक नगरीय निकायों में भाजपा को जीत मिली है। इस जीत का सेहरा हमें मिला है, तो हमें जनता की सेवा करने का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने भाजपा की निरन्तर जीत पर प्रश्न उठाने वाले विपक्ष को करारा जवाब देते हुए कहा कि कुछ लोग पूछते हैं कि भाजपा की सरकारों में लगातार लोग सत्ता के पक्ष में क्यों होते है। लोक सभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पूछते है कि क्यों भाजपा की सरकारें लगातार आती हैं, क्योंकि गांव से लेकर कस्बों तक भाजपा सरकार की योजनाएं और विकास के रथ चल रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकारों के समय में दिल्ली से एक रुपया चलता था और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि मात्र 15 पैसा ही जनता के पास पहुंचता था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह सुनिश्चित किया है कि दिल्ली से एक रुपया चलेगा तो सीधे गरीब के खाते में पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पास करवाकर माता-बहनों को उनका हक दिलाएगी।

इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते थे कि राजस्थान में एक राज्य-एक चुनाव नहीं हो पाएगा, लेकिन आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम यह करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में निकायों का ट्रिपल इंजन जुड़ गया है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले पंचायत चुनाव में भी हम ऐतिहासिक जीत दर्ज करेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत से कांग्रेस के लोग बौखलाये हुए हैं, किस तरह की भाषा बोल रहे हैं। लेकिन सब जानते है कि बसपा के साथ क्या किया और लक्ष्मणगढ़ में प्रधान को बनने से कैसे रोका। आप लोग समझ लें कि राजस्थान में कानून का राज चलेगा। आपकी मनमानी चलने वाली नहीं है। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में सिमटती जा रही है। कुछ राज्यों में ही बची है। आने वाले समय में वहां से भी साफ हो जाओगे।

इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने पंचायत चुनावों में प्रचार-प्रसार करने के लिए 90 रथों को रवाना किया। साथ ही उन्होंने चयनित नगरीय निकाय प्रमुखों को भी सम्मानित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित