अलवर , अप्रैल 29 -- राजस्थान में अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में दो सूने घरों से चोर करीब बीस लाख के जेवरात और नकदी चुरा ले गये।

पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि चोरों ने भरत नगर निवासी एक सरकारी अधिकारी के घर को निशाना बनाया। पीड़ित महेश चंद मीणा एक सप्ताह की छुट्टी लेकर अपने गांव टोडाभीम गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान की रेकी करके धावा बोल दिया और करीब 12 तोला सोना, करीब एक किलो चांदी, एक बुलेट मोटर साइकिल और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। करीब 16 लाख रुपये का सामान चोर ले गये। चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिससे आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

एक अन्य घटना में भरत नगर क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल के एक जवान के घर को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। पीड़ित धर्म सिंह अपने परिवार के साथ गांव खखराली जाट में शादी समारोह में शामिल होने गया हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान की टोह लेकर घर में प्रवेश किया और अंदर रखे कीमती सामान चुरा ले गये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित