चंडीगढ़ , जून 20 -- हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दावे एक-एक कर बेनकाब हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव से पहले जारी अधिसूचना के लगभग दो वर्ष बाद भी 1.25 लाख संविदा कर्मचारियों को नियमितीकरण संबंधी पत्र नहीं मिले हैं।

श्री हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दौरान संविदा कर्मचारियों का समर्थन हासिल करने के लिए 1.25 लाख कर्मचारियों को नियमित करने की घोषणा की थी। इसके लिए 15 अगस्त 2024 को अधिसूचना भी जारी की गई, लेकिन आज तक कर्मचारियों को नियमितीकरण की पुष्टि करने वाला कोई कानूनी दस्तावेज या आधिकारिक पत्र नहीं मिला। उन्होंने कहा कि इसके कारण कर्मचारी लगातार नौकरी जाने की आशंका में जी रहे हैं और सरकार विभिन्न कारणों का हवाला देकर उन्हें सेवा से बाहर करती रहती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय बनाई गई नियमितीकरण नीति को उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय ने वैध ठहराया है। इस नीति से अतिथि अध्यापकों सहित हजारों संविदा कर्मचारियों को लाभ मिला। हुड्डा ने आरोप लगाया कि साढ़े ग्यारह वर्ष के शासन के बावजूद भाजपा ऐसी कोई प्रभावी नियमितीकरण नीति नहीं बना सकी, जिसका खामियाजा कर्मचारियों और उनके परिवारों को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा लगभग तैयार है और इसे गांव-गांव तथा प्रत्येक बूथ तक मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को लेकर लगातार बैठकें हो रही हैं तथा कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उनका कहना था कि पार्टी यह सुनिश्चित करेगी कि कोई वैध वोट न कटे और कोई फर्जी वोट न जुड़ सके।

उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से वह मंगलवार को गुरुग्राम में आयोजित बीएलए प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेंगे।

उन्होंने पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में सांसदों के दल-बदल के मामलों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि किसी दल के टिकट पर चुनाव जीतने के बाद पार्टी बदलना चाहता है, तो उसे पहले अपनी सदस्यता से इस्तीफा देकर जनता के बीच जाना चाहिए। उनके अनुसार ऐसा न होने पर मतदाताओं के जनादेश का महत्व कम हो जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित