शिवहर, मार्च 14 -- शिवहर जिले में नगर थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव में दो साल के मासूम बच्चे का शव पड़ोसी के घर से एक बोरे में बरामद हुआ है।
नगर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि बच्चे के परिजनों ने अचानक बच्चे के लापता होने पर उसकी खोजबीन शुरू की। काफी देर तलाश करने के बाद जब घर में बच्चा नहीं मिला तो आसपास के घरों में खोजबीन की गई तो पड़ोसी के घर से एक बोरे में बच्चे का शव मिला।
मासूम की लाश मिलते ही परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी l सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया lथानाध्यक्ष ने कहा कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार, इस घटना को आपसी विवाद के कारण अंजाम दिया गया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने ही बच्चे की हत्या कर शव को बोरे में छिपा दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला पार्वती देवी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक(एसपी) शुभांक मिश्रा और सब डिविजिनल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सुशील कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित