बैतूल , अक्टूबर 19 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में गौवंश की अवैध तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने सोमवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर 20 गौवंश बरामद किए और दो वाहन जब्त किए। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 9 लाख 98 हजार रुपये आंकी गई है। दोनों मामलों में चार आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन और शाहपुर थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। पहली कार्रवाई ग्राम देशावाड़ी के पास की गई, जहां पिकअप वाहन से क्रूरतापूर्वक भरे गए 12 गौवंश बरामद हुए। वाहन और गौवंश की कुल कीमत 5 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है। इस मामले में अपराध क्रमांक 479/26 दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर ग्राम बाचा के पास की गई। यहां इनोवा कार से आठ गौवंश बरामद किए गए। वाहन और गौवंश की कीमत 4 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है। इस मामले में अपराध क्रमांक 480/26 दर्ज कर मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बरामद सभी गौवंश को सुरक्षा के लिए ग्राम हर्राढाना स्थित कामधेनु गौशाला भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित