बैतूल , जुलाई 30 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो वर्ष से अधिक समय तक बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले एक आरक्षक को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार आरक्षक क्रमांक 386 हरिकृष्ण प्रजापति, निवासी ग्राम सांवरी बाजार, तहसील मोहखेड़, जिला छिंदवाड़ा, वर्ष 2017 में पुलिस विभाग में नियुक्त हुआ था। उसकी अंतिम पदस्थापना बैतूल जिले के मोहदा थाने में थी। वह 12 सितंबर 2023 से बिना पूर्व सूचना अथवा अनुमति के लगातार ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहा था।

विभाग द्वारा आरक्षक को कई बार नोटिस जारी कर कर्तव्य पर उपस्थित होने के निर्देश दिए गए, लेकिन उसने किसी भी नोटिस का पालन नहीं किया। इसके बाद उसके विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ की गई। जांच में बिना किसी वैध कारण के लगातार अनुपस्थित रहने तथा विभागीय आदेशों की अवहेलना के आरोप सिद्ध पाए गए।

विभागीय जांच प्रतिवेदन के आधार पर पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने उसके आचरण को पुलिस सेवा के अनुशासन एवं कर्तव्य के प्रति गंभीर लापरवाही मानते हुए उसे सेवा से बर्खास्त करने के आदेश जारी किए।

पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सेवा की गरिमा बनाए रखते हुए पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति अनुपस्थित रहने, कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित