जयपुर , फरवरी 22 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि राज्य सरकार ने पिछले दो वर्षों की 2719 बजट घोषणाओं में से 2450 पर कार्य शुरू कर दिया है जबकि पिछली सरकार ने पांच वर्षों में 4148 घोषणाएं की थीं जिनमें से 1935 पर ही काम किया।

श्री शर्मा रविवार को यहां वाटिका स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सामुदायिक केन्द्र में आमजन के साथ श्री मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना और इस अवसर पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि श्री मोदी मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देश के हर राज्य, हर व्यक्ति को प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार संकल्प पत्र के हर एक वादे को पूरा करेगी।

उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-विकसित राजस्थान का संकल्प साकार होगा।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के बाद वाटिका से लौटते समय चाय की दुकान पर रुककर चाय का स्वाद लिया और वहां मौजूद लोगों से मुलाकात की। इस दौरान वहां मौजूद छात्राओं ने पेपरलीक की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने एवं भर्ती परीक्षाओं के कलेंडर निर्धारित करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बच्चों को चॉकलेट भी बांटी।

इस मौके सांसद मंजू शर्मा, विधायक कैलाश वर्मा एवं रामावतार बैरवा तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं आमजन मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित