दरभंगा , अक्टूबर 18 -- िहार के दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र में दो वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस घटना में 48 वर्षीय आरोपी बच्ची का रिश्तेदार बताया जाता है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से घायल बच्ची का दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) में इलाज चल रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी बच्ची को मेला दिखाने और कुरकुरे खिलाने का प्रलोभन देकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि उसने घर से करीब 200 मीटर दूर आम के बगीचे में बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में बच्ची के निजी अंग से खून निकलता देख परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वह बच्ची का रिश्तेदार है और उसे मेला घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। बच्ची का डीएमसीएच में इलाज चल रहा है। और वह खतरे से बाहर है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित