बीकानेर , जुलाई 24 -- राजस्थान में बीकानेर के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सेना की खुफिया इकाई से मिली सूचना के बाद दो तस्करों को गिरफ्तार करके 106 ग्राम एमडीएमए बरामद की है।
सैन्य सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सेना की खुफिया इकाई को सूचना मिली कि नागौर का असलम काजी बीकानेर में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त है। इस जानकारी के सत्यापन के बाद सेना ने पुलिस के जिला विशेष दल (डीएसटी) और सदर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करके नागौर निवासी असलम काजी (25) को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के पास दबोच लिया। सूत्रों ने बताया कि उसकी तलाशी ली गयी, तो उसके पास करीब 106 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। उससे पूछताछ के बाद तस्करी में लिप्त बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में भीनासर निवासी ताराचंद को गिरफ्तार किया गया। दोनों को आगे की जांच के लिये सदर पुलिस को सौंप दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित