हरदोई , अगस्त 28 -- उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बिलग्राम थाना क्षेत्र के ललौली तिराहा के निकट शुक्रवार शाम करीब चार बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में मामा-भांजे समेत तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मृतकों की पहचान गौरव सिंह (37) , उनके चार वर्षीय भांजे सूर्यांश तथा दूसरी बाइक पर सवार मोनू (18) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मोनू रिश्तेदारी से होकर बाइक से अपने गांव हमदापुर लौट रहा था। इसी दौरान ललौली तिराहा के पास सामने से आ रही बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर गौरव सिंह अपने चार वर्षीय भांजे सूर्यांश के साथ सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद दोनों गांवों में मातम का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित