शिवपुरी , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो बहनों ने अपने बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इन घटनाओं में दोनों बहनों सहित छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम गूगरा में बुधवार दोपहर अंजलि रावत (35), पत्नी स्वर्गीय धर्मवीर रावत, ने अपने छह वर्षीय बेटे प्रशांत के साथ खेत पर बने कुएं में छलांग लगा दी। दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना अंजलि की बड़ी बहन सीता रावत को मिली, जो कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम सेसई में अपनी ससुराल में रहती थी।

सूत्रों के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के कुछ घंटे बाद सीता ने अपने तीन बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ गांव के सामने खेत में बने कुएं में छलांग लगा दी। देर शाम तक चारों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। कुएं के किनारे चप्पलें मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देर रात चारों के शव कुएं से बाहर निकलवाए। पुलिस दोनों घटनाओं की परिस्थितियों की जांच कर रही है। फिलहाल इन घटनाओं के कारणों का पता नहीं चल सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित