भीलवाड़ा , मई 02 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के कारोई थाने में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) विष्णु सिंह द्वारा थाने की मेस में फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना ने पूरे पुलिस बेड़े को हिलाकर रख दिया है।
दो महीने के भीतर दो जांबाज अधिकारियों को खोने के बाद अब जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सक्रिय हो गये और उन्होंने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दुखद घटना के फौरन बाद श्री धर्मेंद ने जिले के समस्त थानाधिकारियों और शाखा प्रभारियों को एक आपातकालीन ई-मेल संदेश जारी करके महकमे में छिपे 'अवसादग्रस्त' कर्मियों का (डिप्रेशन) का पता लगाने के आदेश दिये हैं।
पुलिस अधीक्षक ने एक आदेश जारी करके जिले के सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों, वृत्ताधिकारियों और थानाधिकारियों को निर्देशित किया है कि उनके अधीनस्थ कार्यरत जो भी अधिकारी या कर्मचारी किसी भी कारण से मानसिक तनाव या डिप्रेशन में हैं, उनकी सूची अनिवार्य रूप से जिला नियंत्रण कक्ष को भिजवाई जाये।
पुलिस महकमे द्वारा जारी इस विशेष प्रारूप में कर्मचारी का नाम, पदनाम, बेल्ट नंबर और वर्तमान पदस्थापन के साथ-साथ सबसे महत्वपूर्ण कॉलम 'डिप्रेशन (अवसाद) का कारण' रखा गया है। श्री धर्मेंद्र ने स्पष्ट किया है कि कोई भी जानकारी छिपानी नहीं चाहिए ताकि समय रहते तनावग्रस्त पुलिसकर्मियों का मार्गदर्शन किया जाये और भविष्य में विष्णु सिंह जैसी किसी और अनहोनी को रोका जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित