बलरामपुर , मार्च 04 -- नेपाल में जारी चुनाव प्रक्रिया को देखते हुए भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है। इसी क्रम में बलरामपुर जिले के जरवा थाना क्षेत्र के कोयलाबास सीमा पर दोहरे पहचान पत्रों के साथ नेपाल जाने की कोशिश कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि यह गिरफ्तारी मंगलवार शाम सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 9वीं बटालियन द्वारा चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान की गयी।

संदिग्ध गतिविधि के आधार पर जवानों ने युवक को रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम सुंदर केसी, निवासी गुल्मी जिला, नेपाल बताया। जांच में पता चला कि वह लंबे समय से उत्तर प्रदेश के तुलसीपुर क्षेत्र के पटियाला ग्रांट गांव में रहकर मजदूरी कर रहा था।

यात्रा के उद्देश्य के बारे में पूछने पर उसने बताया कि वह मतदान करने के लिए नेपाल जा रहा था। तलाशी के दौरान युवक ने पहले तुलसीपुर पते वाला भारतीय आधार कार्ड दिखाया। आगे पूछताछ में उसके पास से नेपाल की नागरिकता प्रमाणपत्र भी बरामद हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित