ऋषिकेश, जुलाई, 18 -- त्तराखंड में ऋषिकेश पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का शनिवार को सफल खुलासा करते हुए हरियाणा के दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, बैंक चेकबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। वहीं, वारदात में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार, 12 अप्रैल की रात हरिद्वार रोड स्थित कृष्णा मिष्ठान भंडार का शटर तोड़कर गल्ले में रखी करीब 55 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली गई थी। इसके बाद 23 जून 2026 की तड़के देहरादून रोड स्थित न्यू कैलाश मेडिकल हॉल का ताला तोड़कर करीब 23 हजार रुपये की नकदी तथा महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए गए। दोनों घटनाएं दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थीं, जिसके आधार पर कोतवाली ऋषिकेश में मुकदमे दर्ज किए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने घटनाओं के खुलासे के लिए लगातार जांच की। इसी कड़ी में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर खांड गांव जाने वाले मार्ग स्थित अंडरपास के पास घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान विवेक गोयल (28) निवासी जटवाड़ा मोहल्ला, सोनीपत तथा विक्रम (20) निवासी बड़वासनी, थाना सदर, सोनीपत (हरियाणा) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 2,200 रुपये नकद, पंजाब नेशनल बैंक की चेकबुक, एक एटीएम कार्ड, तीन आधार कार्ड तथा एक पहचान पत्र बरामद हुए।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने साथी नवीन उर्फ बाली, निवासी सोनीपत (हरियाणा) के साथ मिलकर दोनों दुकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपियों ने बताया कि चोरी की अधिकांश नकदी नशे और अन्य खर्चों में खर्च कर दी गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित