रायबरेली , सितंबर 08 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे।

श्री गांधी ने अपने दौरे की शुरुआत रायबरेली के प्रभु टाउन में स्थानीय व्यापारियों से मुलाकात कर की। श्री गांधी ने स्थानीय व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान को लेकर चर्चा की। इस दौरान अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा भी मौजूद रहे।

श्री राहुल गांधी ने व्यापारियों से बातचीत के दौरान उनकी विभिन्न समस्याओं और कारोबार से जुड़े मुद्दों की जानकारी ली तथा उनके समाधान के संबंध में चर्चा की। कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पार्टी व्यापारियों के हित, सम्मान और अधिकारों के लिए प्रतिबद्ध है।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पंकज तिवारी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक राहुल गांधी का स्वागत सब्जी मंडी गुमावां बॉर्डर, ब्लॉक शिवगढ़, यूको बैंक शाखा हलोर, ब्लॉक महराजगंज, महराजगंज तिराहा पुलिस चौकी, हरदासपुर चौराहा ब्लॉक अमावां तथा सारस होटल के निकट गोल चौराहा पर किया गया। श्री गांधी का सांसद आवास भुएमऊ में बार एसोसिएशन, चिकित्सक एवं केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों के साथ ही खिलाड़ियों और खेल जगत से जुड़े लोगों से मुलाकात का कार्यक्रम है। मंगलवार रात वह भुएमऊ स्थित सांसद आवास पर रात्रि विश्राम करेंगे। दौरे के दूसरे दिन बुधवार को सुबह नौ बजे से 10:30 बजे तक राहुल गांधी आमजन और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सुबह 10:35 बजे विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होंगे। सुबह 11:30 बजे जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में भाग लेने का कार्यक्रम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित